Thursday 16 July, 2009

रीता बहुगुणा 14 दिन की न्यायिक हिरासत में

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश कांग्रेस की प्रमुख रीता बहुगुणा जोशी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है जिन्हें मुख्यमंत्री मायावती के खिलाफ कथित अपमानजनक टिप्पणी करने के मामले में बुधवार रात गिरफ्तार कर लिया गया था। रीता बहुगुणा की गिरफ्तारी और उन्हें जेल भेजने से कांग्रेस कार्यकर्ता भी भड़के हुए हैं। उन्होंने मुरादाबाद पुलिस लाइन पर जमकर हंगामा किया और नारे लगाए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जेल को घेरकर हंगामा किया और मांग की कि उन्हें रीता बहुगुणा से मिलने दिया जाए। उधर, मुरादाबाद से कांग्रेस सांसद अज़हरुद्दीन, कांग्रेस के यूपी प्रभारी दिग्विजय सिंह और कांग्रेस नेता विवेक कुमार मुरादाबाद के लिए रवाना हो गए हैं।
इस गिरफ्तारी से पहले उनकी टिप्पणी पर भड़के बसपा के कार्यकर्ताओं ने अतिसुरक्षित क्षेत्र में स्थित डॉ जोशी के सरकारी मकान को आग के हवाले कर दिया। इस आगजनी में उनके घर का एक भी सामान नहीं बचा।
देर रात खबर के अनुसार डॉ रीता बहुगुणा जोशी ने अपनी टिप्पणी के लिए माफी भी मांग ली है मगर वहीं मुख्यमंत्री से भी मांगने के लिए कहा है। गौरतलब है कि राज्य में कुछ दलित महिलाओं के साथ कथित तौर पर बलात्कार के आरोपों के बाद सरकार की ओर से उन्हें मुआवजा दिया गया है। इस मुआवजे की कार्रवाई को डॉ जोशी ने शर्मनाक बताया और मायावती पर टिप्पणी कर दी। जानकारी के अनुसार डॉ जोशी ने मुआवजे दिए जाने को खेदजनक बताया और कहा कि यदि मायावती के बलात्कार हो तो वे एक करोड़ रुपया देंगी।
इस घटना से यूपी की राजनीति गर्मा गई है। यहां पर एक बात और गौर करने की बात है कि हाल ही में सोनिया गांधी ने भी कहा था कि यूपी कांग्रेसी कार्यकर्ता जेल भी जाने को तैयार हो जाएं। यहां तक सोनिया गांधी ने कहा था कि राहुल गांधी भी जरूरत पड़ने पर जेल जा सकते हैं।





समर्थन वापसी पर हो रहा है विचार : बसपा



नई दिल्ली। बहुजन समाज पार्टी के महासचिव सतीश मिश्रा का कहना है कि उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रीता बहुगुणा जोशी के घर में आग बसपा के कार्यकर्ताओं ने नहीं, बल्कि खुद रीता बहुगुणा ने ही लगवाई है।
साथ ही वह यह भी चाहते हैं कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी इस पूरे मसले के लिए माफी मांगें।
उन्होंने यह भी कहा है कि बसपा, कांग्रेस से समर्थन वापसी पर भी विचार कर रही है। जिसका फैसला गुरुवार शाम की बैठक में किया जाएगा।
वहीं कांग्रेस रीता बहुगुणा के बचाव में उतर आई है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी दिग्विजय सिंह ने कहा कि रीता बहुगुणा जोशी ने मुरादाबाद में जो बयान दिया, वह सही नहीं था और इसके लिए रीता बहुगुणा ने माफी भी मांग ली है। लेकिन जिस तरह से उनके घर को जलाया गया, वह गलत है।
उन्होंने कहा कि मायावती अपने राजनैतिक विरोधियों को दबाने की कोशिश कर रही हैं। ये लड़ाई कानूनी है और वे कोर्ट में जाएंगे। मायावती सरकार ने जो धाराएं लगवायीं हैं, वे गलत हैं।






मायावती-रीता प्रकरण दलित वोटों की नूराकुश्ती : भाजपा



नई दिल्ली। भाजपा ने उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री मायावती के खिलाफ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रीता बहुगुणा की कथित टिप्पणी के बाद राज्य में हो रहे विरोध को कांग्रेस और बसपा की दलित वोटों की बंदर बांट के लिए नूराकुश्ती करार दिया है।
भाजपा उपाध्यक्ष मुख्तार अब्बास नकवी ने मायावती के खिलाफ कथित अभद्र टिप्पणी के लिए श्रीमती बहुगुणा को न्यायिक हिरासत में भेजे जाने और उनका घर जलाए जाने पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि दरअसल दलित वोटों की बंदर बांट के लिए कांग्रेस और बसपा की राजनीतिक नूराकुश्ती हो रही है।
नकवी ने कहा कि कांग्रेस और बसपा की क्रमशः केन्द्र और उत्तर प्रदेश में सरकार है। हालात ये हैं कि उत्तर प्रदेश में बद से बदतर हो रही स्थिति, खासतौर से सूखा, मंहगाई, भ्रष्टाचार, अराजकता और पानी बिजली की समस्याओं से लोगों का ध्यान हटाने के लिए दोनों दल राज्य में ये हालात पैदा कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून एवं व्यवस्था के जो हालात हैं उसके लिए केन्द्र और राज्य सरकारें बराबर की दोषी हैं। इस तरफ से लोगों का ध्यान किस तरह से हटाया जा सके और वोटों की सौदागरी के लिए कौन कितना बड़ा है। दोनों में इसकी होड़ मची हुई है। उन्होंने कहा कि मायावती, रीता बहुगुणा घटनाक्रम को दलित वोटों की बंदर बांट के लिए राजनीतिक नूराकुश्ती के अलावा कुछ नहीं कहा जा सकता।



0 comments:


Blogspot Templates by Isnaini Dot Com and Wedding Bands. Powered by Blogger