Monday, 20 July 2009

रीता के घर जलाने वाले को माया ने दिया तोहफा

लखनऊ। उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ रीता बहुगुणा जोशी के घर पर हुई आगजनी और तोड़फोड़ में कांग्रेस की ओर से नामजद आरोपी इंतजार अहमद आबिदी को रविवार देर रात उत्तर प्रदेश सरकार ने गन्ना विकास परिषद का अध्यक्ष नियुक्त कर दिया है।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि आबिदी की गन्ना किसान संस्थान के अध्यक्ष पद पर नियुक्ति के आदेश जारी कर दिए गए हैं। यह पद राज्य मंत्री स्तर का है और पूर्व अध्यक्ष विनय शाक्य के इस्तीफे के बाद खाली हुआ था।
15 जुलाई को कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष रीता जोशी के घर हुई तोड़फोड़ और आगजनी में बसपा विधायक जीतेंद्र सिंह बबलू के साथ आबिदी भी आरोपी हैं।
कांग्रेस ने अपनी लिखित शिकायत में आरोप लगाया था कि बबलू और आबिदी के नेतृत्व में बसपा कार्यकर्ताओं ने जोशी के घर पर हमला बोला और आग लगा दी थी।
बाद में पुलिस ने इन दोनों का नाम पहले से दर्ज प्राथमिकी में जोड़ दिया। वैसे राज्य सरकार ने इस मामले की जांच सीबीसीआईडी को सौंप दी है, लेकिन कांग्रेस इस कांड की सीबीआई जांच कराने की मांग कर रही है।

0 comments:


Blogspot Templates by Isnaini Dot Com and Wedding Bands. Powered by Blogger