Thursday, 9 July 2009

जहरीली शराब से 86 की मौत, आरोपी गिरफ्तार

अहमदाबाद। अहमदाबाद में ज़हरीली शराब पीकर मरने वालों की तादाद अब 86 हो गई है, जबकि 100 से ज्यादा बीमार अभी अस्पताल में भर्ती हैं। इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी हरिओम के साथ 23 लोगों को गिरफ्तार किया है।
इस मामले को लेकर गुस्साए लोग गुरुवार को अहमदाबाद के ओढब इलाके में सड़कों पर उतर गए। लोगों ने पत्थरबाज़ी कर गाड़ियां तोड़ीं। इसके जवाब में लोगों को भगाने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। इस बीच, जहरीली शराब हादसे के बाद गुजरात में जगहों पर पुलिस ने छापे मारे हैं।
इन छापों में क़रीब छह सौ लोग गिरफ्तार किए गए हैं। वड़ोदरा में पुलिस ने नकली शराब बनाने वाली भट्टियां पकड़ी हैं।
वड़ोदरा के रावपुरा सयाजीगंज फतेहगंज समां सावली इलाको में नकली शराब की भट्टियां पकड़ीं। इन इलाकों में नकली शराब से भरे कई ड्रम भी बरामद किए गए।

अमरनाथ में यात्रियों को ले जा रहा हेलीकॉप्टर गिरा, महिला की मौत

अमरनाथ यात्रियों की लेकर जा रहा एक हेलीकॉप्टर अमरनाथ गुफा के पास दुघर्टनाग्रस्त हो गया है। यह हेलीकॉप्टर एक महिला पर गिरा जिसमें उसकी मौत हो गई। इस हादसे में चार लोग घायल भी हुए हैं। हेलीकॉप्टर में पांच लोग सवार थे जिनमे दो पायलट और तीन यात्री थे। यह हेलीकॉप्टर हिमालय एयर सर्विस का है।

सुप्रीम कोर्ट ने समलैंगिकता पर जारी किया नोटिस

नई दिल्ली। समलैंगिक रिश्तों पर सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार और समलैंगिकों की हक़ की लड़ाई लड़ने वाले नाज़ फाउंडेशन को नोटिस जारी किया है। सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि वो इस मामले पर दिल्ली हाईकोर्ट के फ़ैसले पर विस्तार से अध्यन करेगी और केंद्र सरकार के जवाब के बाद ही इस मामले पर कोई अंतरिम आदेश देगी।
दिल्ली हाईकोर्ट ने दो बालिगों के बीच समलैंगिक रिश्तों को जायज़ ठहराया था जिसे बाद में सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी गई। अब इस मामले की सुनवाई 20 जुलाई को होगी। सुरेश कुमार कौशल ने यह भी दलील दी है कि समलैंगिक संबंधों को मंज़ूरी देने से एड्स फैलने का खतरा है क्योंकि एचआईवी वायरस अप्राकृतिक सेक्स का ही नतीजा है।
योग गुरु बाबा रामदेव भी समलैंगिक संबंधों को मंज़ूरी दिये जाने के फैसले का विरोध कर रहे हैं लेकिन रामदेव ने कोई याचिका दायर नहीं की है। बुधवार को अमृतसर में अकाल तख्त की बैठक में भी इस फैसले का विरोध किया गया है और कहा गया है कि गुरुद्वारों में समलैंगिक शादी नहीं होगी।
देशभर के गुरुद्वारों को फरमान जारी किया गया है कि गुरुद्वारे ऐसी शादियां न कराएं। गे एक्टिविस्ट कहते हैं कि समलैंगिक संबंध पूरी तरह से कुदरती है और इसे अपराध नहीं समझा जाना चाहिए।

बोले उलेमा, समलैंगिकता से बढ़ेंगे तलाक के मामल

नई दिल्ली/मुजफ्फरनगर। धामिर्क नेताओं के एक संगठन ने आरोप लगाया है कि समलैंगिकता को कानूनी मान्यता के लिए प्रचारकरना देश की नैतिक व सामाजिक मूल्यों को खत्म करने की एक सोची समझी साजिश है। इस मामले में हस्तक्षेप करने के लिए उन्होंने सरकार से मांग की है। दारुल उलूम देवबंद के उलेमाओं ने आशंका व्यक्त की है कि समलैंगिकता को कानूनी मान्यता मिलने से तलाक के मामलों में बढ़ोतरी हो सकती है।
दारुल उलूम देवबंद के फतवा विभाग के मुफ्ती जैनुल इस्लाम ने बताया कि समलैंगिकता को इस्लाम में हराम और गैरकानूनी बताया गया है। मुफ्ती जैनुल ने आशंका व्यक्त की कि समलैंगिकता को मान्यता मिलने से पति-पत्नी के संबंधों में दरार पड़ सकती है। मुफ्ती इमरान ने भी समलैंगिकता का विरोध करते हुए कहा कि इसे जानवर भी पसंद नहीं करते।
अखिल भारतीय मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड ने कहा है कि समलैंगिकता को वैध बनाने वाला दिल्ली हाई कोर्ट का फैसला गैरकानूनी और धर्म और कुदरत के नियमों के खिलाफ है।
बोर्ड के अध्यक्ष मौलाना राबे हसनी नदवी ने को बताया कि यह फैसला केवल एक बहुत ही छोटे समलैंगिक समुदाय के पक्ष में है। उन्होंने कहा कि कोर्ट के फैसले की इसलिए निंदा की जानी चाहिए क्योंकि यह धर्म और प्रकृति के उसूलों के खिलाफ है।
नदवी ने कहा कि पश्चिम देश कई सालों से समलैंगिकता को वैधता दिलाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कोर्ट के फैसले से समलैंगिक समुदाय को बल मिलेगा जिसका हमारे समाज पर बुरा प्रभाव पड़ेगा। नदवी ने कहा कि इतिहास में समलैंगिकता को कभी स्वीकारा नहीं किया गया।

Monday, 6 July 2009

लखनऊ में घनश्याम केवट गिरोह का डकैत मारा गया

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में सोमवार को पुलिस ने बुंदेलखंड के खूंखार डकैत रहे घनश्याम केवट के दाहिने हाथ राकेश केवट को एक मुठभेड़ में मार गिराया जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया।
लखनऊ के पुलिस प्रमुख नरेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने पत्रकारों को बताया कि शहर के गुड़म्बा इलाके में सोमवार को करीब एक घंटे चली मुठभेड़ के बाद डकैत राकेश केवट को मार गिराया गया।
श्रीवास्तव ने बताया कि मारे गए डकैत के कब्जे से 2 पिस्टल और भारी संख्या में कारतूस बरामद किए गए। मौके से राकेश का एक साथी फरार हो गया, जिसे पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि मारे गए डकैत राकेश केवट के कब्जे से कुछ कागजात मिले हैं, जिसमें घनश्याम केवट गिरोह के अन्य लोगों के बारे में जानकारी मिली है।
पुलिस के मुताबिक राकेश डकैत घनश्याम केवट का दाहिना हाथ था और इस पर दो दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज थे। मालूम हो कि पिछले दिनों खूंखार डकैत रहे घनश्याम केवट को उत्तर प्रदेश पुलिस के करीब 50 घंटे चली मुठभेड़ के बाद मार गिराया था। इस दौरान पुलिस के 4 जवान मारे गए थे और 10 घायल हुए थे।

Saturday, 4 July 2009

कोटा में अनाथ आश्रम की आड़ में चल रहा देह व्यापार

अहमदाबाद। राजस्थान के कोटा में अनाथ आश्रम की आड़ में टीनएजर लड़कियों से जबरन देह व्यापार कराने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इसका खुलासा किया अहमदाबाद के कालुपुर रेलवे स्टेशन पर बदहवास हालत में मिली 12 साल की लड़की ने। वह कोटा से यहां पहुची थी। लड़की ने बताया कि जब वह कोटा में थी तो दो लोगों ने उसके साथ बलात्कार किया। मेडिकल जांच में भी इसकी पुष्टि हो गई है। अहमदाबाद पुलिस ने आश्रम से जुड़े लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर कोटा पुलिस को भेजने की कार्यवाही शुरू कर दी है।
कालुपुर रेलवे स्टेशन पर बदहवास हालत में इस लड़की के मिलने के बाद स्टेशन मास्टर ने स्टेशन पर काम करने वाले एक एनजीओ के लोगों को बुला लिया। एनजीओ के लोगों को लड़की ने बताया कि उसके आश्रम में देह व्यापार चल रहा है और वह भी शिकार बन चुकी है। एनजीओ की पहल पर एलिसब्रिज थाने में मामला दर्ज हो गया है। लड़की ने बताया कि करीब 10 दिन पहले उसे रात को अन्य लड़कियों के साथ किसी जगह ले जाया गया। वहां उन सभी को अलग अलग बने कमरों में भेज दिया गया। पीड़िता ने बताया कि वहां उसके साथ दो युवकों ने बलात्कार किया।
लड़की ने जब दर्द की शिकायत की तो उसे आश्रम छोड़ने के लिए मजबूर कर दिया गया और एक दूर के रिश्तेदार के साथ ट्रेन में बिठाकर अहमदाबाद भेज दिया। कालुपुर स्टेशन पर खाना लाने का बहाना कर वह युवक उसे अकेला छोड़कर यहां से फरार हो गया। लड़की को फिलहाल एनजीओ की देखरेख में रखा गया है और उसके परिजनों की तलाश की जा रही है।

छात्र ने गर्लफ्रेंड का अश्लील MMS और सीडी बनाई

चंडीगढ़। पंचकूला के एक सरकारी स्कूल में 12वीं में पढ़ रहे एक लड़के द्वारा उसी के ही स्कूल में 11वीं में पढ़ रही अपनी गर्लफ्रेंड का अश्लील एमएमएस बनाए जाने की चर्चा है। यही नहीं उसने उसकी सीडी भी बनाई। पूरे इलाके में इस एमएमएस और सीडी की खूब चर्चा है। पीड़ित लड़की के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने लड़के को अरेस्ट कर लिया है।
पंचकूला जिले के सकेतड़ी गांव का रहने वाला राहुल एक सरकारी स्कूल में पढ़ता है। उसके गांव की एक लड़की भी इसी स्कूल में पढ़ती है। मामले की जांच कर रहे ऑफिसर बलजीत सिंह ने बताया कि गुरुवार शाम को लड़की के परिजनों ने इसकी शिकायत की। 18 साल के राहुल ने कबूल किया है कि उसने एमएमएस बनाया है।
उधर, मनसा देवी पुलिस चौकी में राहुल ने बताया कि हम दोनों 29 मई को चंडीगढ़ के सेक्टर-18 स्थित एक होटल में गए थे। इसी दौरान मैंने एमएमएस बनाया था। यह एमएमएस मेरे मोबाइल के डाटा कार्ड में था। मेरे घर पर एक कंप्यूटर है। एक दिन मेरा दोस्त आया और गाना लोड करने को कहा। मैंने कहा, यह कंप्यूटर में नहीं है। अलबत्ता, मेरे मोबाइल के डाटा कार्ड में है।
उसने कहा, डाटा कार्ड मुझे दे दो, मैं लोड करके वापस कर दूंगा। वह डाटा कार्ड मुझे दे गया। उसके बाद अब चर्चा फैली है कि एमएमएस और सीडी घूम रही है। मैंने सीडी नहीं बनाई। यह सीडी या तो मेरे दोस्त ने बनाई है या किसी और ने। उधर, लड़की के परिजनों ने बताया कि जब उन्होंने लड़की से पूछा तो उसने बताया कि राहुल ने उसे धमकी दी थी कि अगर किसी को बताया को जान से मार दूंगा।


Blogspot Templates by Isnaini Dot Com and Wedding Bands. Powered by Blogger