Monday, 6 October 2008

निगम सुपरवाइजर के घर चोरी, सोलह लाख का सामान गायब

गाजियाबाद। शहर के थाना सिहानी गेट ईलाके के मोरटा गांव में बीती रात चोरों ने जमकर कहर बरपाया। चोरों ने एक साथ तीन घरों से धावा बोल कर करीब 25 लाख रुपये का मुल्य के सामान पर हाथ साफ कर लिया। इन घरों में नगर निगम के सुपरवाइज का घर भी शामिल है। पीडि़तों ने इस बात की सूचना आज सुबह सिहानी गेट पुलिस को दे दी।
मिली जानकारी के अनुसार नगर निगम में सुपरवाइजर के पद पर तैनात राज कुमार त्यागी के घर में चोर घुस गए और उन्होंने यहां से दो लाख रुपये नकद तथा 14 लाख के गहने चोरी कर लिए। उनके घर में इतना सामान इसलिए रखा था क्योंकि उनके बेटे का नामकरण आज होना था। कुछ मेहमान भी आए हुए थे। चोरों ने सभी के सामान पर हाथ साफ कर लिया। हैरत की बात यह है कि पूरा परिवार सोता रहा और चोर अपने मनसूबे को अंजाम देते रहे। यही नहीं चोरों ने राजकुमार त्यागी के पड़ोसी रामभूल त्यागी के घर में घुसकर यहां से करीब पांच लाख रुपये के जेवरात तथा हजारों रुपये नकद चोरी कर लिए। रामभूल के पड़ोसी के यहां चोरों ने अलमारियों के ताले तोड़ दिए मगर अलमारी में कुछ न रखा होने के कारण उन्हें यहां से खाली हाथ लौटना पड़ा। आज सुबह ग्रामीणों ने खेतों से खाली संदूक बरामद किए हैं जो बीती रात चोर राजकुमार त्यागी के यहां से चोरी कर ले गए थे।
पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही इस मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इस वारदात के पीछे राजकुमार के किसी रिश्तेदार का हाथ तो नहीं है।

सत्तर हजार के नकली नोट बरामद

नोएडा। कोतवाली सेक्टर-58 पुलिस एवं आतंक विरोधी दस्ता (एटीएस) ने संयुक्त आपरेशन ने दो लोगों को जाली नोटों के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 500-500 के 140 नकली नोट बरामद किए हैं। पकड़े गए युवकों से गहनता से पूछताछ की जा रही है जिसमें एटीएस के अधिकारी एवं लोकल इंटेलिजेंस एलआईयू तथा बैंकों के लोग भी शामिल हैं।
एसएसपी आर.के. चतुर्वेदी के मुताबिक एटीएस को बीती रात सूचना मिली कि कुछ लोग नकली नोटों की खेप लेकर नोएडा आए हैं। इसी बीच एटीएस एवं पुलिस ने संयुक्त आपरेशन के दौरान बिहार निवासी बबलू उर्फ मिथिलेश पुत्र रामेश्वर और मुकेश पुत्र चंद्रप्रकाश को लेबर चौक के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इनके कब्जे से एक बैग बरामद किया। जिसमें 70 हजार के नकली नोट मिले हैं।

Saturday, 4 October 2008

जैक पर ढाई मंजिला आलिशान कोठी जमीन से 11 फीट ऊपर

गुड़गांव। अभी तक आपने पंचर होने या फिर गढ्ढे में फंसी गाड़ी को ही जैक पर देखा होगा। लेकिन अब मकान भी जैक के सहारे गढ्ढे से बाहर निकलने लगे हैं। वो भी थोड़ा बहुत नहीं पूरे 11.5 फीट ऊपर। इंजीनियरिंग का ये अनोखा चमत्कार हुआ गुड़गांव में। दरअसल दिल्ली से सटे गुड़गांव में 500 गज में बनी ढाई मंजिला आलिशान कोठी 275 जैक के सहारे हवा में है। इस घर के हवा में होने के पीछे एक वजह है कि मकान लगभग 10 साल पुराना है, जिस कारण मकान सड़क से काफी नीचे हो गया।
ऐसे में आस पास का पानी इस घर के अन्दर भर जाया करता था। घर के तलब बनने से परेशान घर के मालिक ने इसे ऊपर उठावाने की योजना बनाई। घर को ऊपर उठाने के लिए जैक की तकनीक का इस्तेमाल किया गया। इस तकनीक से ढाई मंजिला घर को सुरक्षित तरीके से सवा 11 फीट ऊपर उठाया गया है।
घर को जड़ से सवा ग्यारह फीट लिफ्ट कराने के लिए लगभग 275 जैक का इस्तेमाल किया गया। इस पूरी प्रक्रिया में 35 लोगों की लगभग 40 दिन की मेहनत लगी है। घर को लिफ्ट कराने वालों की मानें तो ये अपने आप में देश का पहला और एक अनूठा तरीका है।
इतना ही नहीं जिस खूबसूरती से इस घर को ऊपर उठाया गया है उस के चलते पूरे घर के किसी भी हिस्से में कोई दरार तक नही आई है। ऐसे में ये घर इस तकनीक के बाद भी उतना ही सुरक्षित है जितना पहले था
इमारत को जैक तकनीक से ऊपर उठाने वाले राजेश चौहान देश के एक मात्र व्यक्ति है। इस तकनीक को इन्होने बाकायद पेटेंट कराया हुआ है। राजेश चौहान की ये तकनीक लिम्का बुक आफ रिकोर्ड में भी दर्ज है

अमेरिका को सामरिक साझीदारी की उम्मीद

संवाददाता
नई दिल्लीः आने वाले सालों में भारत दुनिया को नेतृत्व प्रदान करेगा और ऐसे देश के साथ अमेरिका सामरिक साझेदारी का रिश्ता स्थापित करने की उम्मीद कर रहा है। शनिवार को भारत-अमेरिका परमाणु सहयोग समझौते पर दस्तखत के लिए भारत आने के पहले अमेरिकी विदेश मंत्री कोंडोलीजा राइस ने अमेरिकी कांग्रेस से परमाणु समझौता पारित होने पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि इस समझौते से भारत और अमेरिका और निकट आएंगे।राइस ने कहा कि यदि अमेरिकी कांग्रेस के दोनों दलों के सदस्यों ने पिछले तीन सालों के दौरान समर्थन नहीं दिया होता, तो यह मुमकिन नहीं होता। अमेरिका-भारत 123 द्विपक्षीय अग्रीमंट भारत और अमेरिका के बीच बदले हुए रिश्तों को दर्शाता है और विश्व रंगमंच पर एक उभरते भारत के महत्व को पहचाना गया है। इस समझौते से विश्व के सबसे बड़े जनतंत्र के साथ हमारी साझेदारी और मजबूत होगी और इससे अमेरिकी अर्थव्यवस्था के लिए भी रोजगार और नई आर्थिक संभावनाओं के अवसर खुलेंगे। भारत की एक अरब से अधिक आबादी की बढ़ती ऊर्जा मांग को पूरा करने में मदद मिलेगी। इस तरह पैदा बिजली पर्यावरण के अनुकूल होगी इससे कार्बन उत्सर्जन में कमी आएगी।
अमेरिकी विदेश मंत्री राइस ने कहा कि अमेरिका-भारत 123 अग्रीमंट को मंजूरी से हमारे विश्वव्यापी परमाणु अप्रसार प्रयासों को भी मदद मिलेगी। इस समझौते से दोनों देश अंतरराष्ट्रीय परमाणु व्यवस्थाओं से लाभ तो उठाएंगे ही, अंतरराष्ट्रीय जिम्मेदारियों को भी साझा वहन करेंगे।

Friday, 3 October 2008

नीतीश कटारा केस मुख्य गवाह अजय कटारा गिरफ्तार

समाचार. गाजियाबाद
नतीश कटारा मामले का मुख्य गवाह अजय कटारा को आज जनपद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। अजय पर धमेंद्र यादव नामक व्यक्ति के अपहरण का आरोप है। हलांकि अजय कटारा इस मामले को बहूबली सांसद डीपी यादव से जोड़ते हुए साजिश करार दे रहा है।
पुलिस ने यह कार्रवाई धमेंद्र की पत्नी अंजुला यादव की तहरीर के आधार पर की है। अंजुला यादव ने अजय कटारा पर आरोप लगाया है कि वो देर रात उनके घर में जबरदस्ती घुसे और बदतमीजी की। यही नहीं उनके पति धर्मेंद्र यादव को जबरदस्ती कार में बैठाकर ले जाने की कोशिश भी की।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अजय कटारा को गिरफ्तार कर लिया है। लेकिन अभी तक ये पता नहीं चल पाया है कि अजय कटारा ने किडनैपिंग की कोशिश क्यों की। क्या इसके पीछे पुरानी दुश्मनी है या कुछ और। पुलिस अभी तक कुछ भी खुल कर नहीं कह रही है।
दूसरी ओर अजय कटारा ने अपने ऊपर लगे आरोपों को नकारते हुए इसे डी पी यादव की साजिश करार दिया है। उनका आरोप है कि डीपी यादव ने उनके ऊपर जानलेवा हमला करवाया है, जिसमें वे बालबाव बचे।
गौरतलब है कि नीतिश कटारा हत्याकांड में डी पी यादव के दो बेटों विशाल और विकास यादव को आजीवन कारावास की सजा हो चुकी है।
इस मामले के मुख्य गवाह अजय कटारा का कहना है कि डी पी यादव उनके ऊपर मुकदमे में पीछे हटने का दबाव बना रहे थे।
उधर नीतिश कटारा की मां नीलम कटारा का कहना है कि अजय कटारा एक ऐसा गवाह है जो छह साल तक दबाव पड़ने के बावजूद नहीं झूका। ऐसे में हो सकता है कि उसे फंसाया गया हो।

Wednesday, 1 October 2008

सौरव गांगुली भारत-ऑस्ट्रेलिया टेस्ट सीरीज में शामिल

मुंबई। बीसीसीआई ने ९ अक्टूबर से शुरु हो रहे भारत-ऑस्ट्रेलिया टेस्ट सीरीज में सौरव गांगुली को शामिल करने पर मुहर लगा दी है। श्रीकांत की अध्यक्षता वाली नई चयन समिति ने ऑस्ट्रेलिया के साथ पहले दो टेस्ट मैचों के लिए भारतीय टीम का चयन किया गया, जिसमें गांगुली का नाम भी शामिल है।
चयनकर्ताओं ने गांगुली के पिछले प्रदर्शन को देखते हुए शुरुआती दो टेस्ट मैचों में खेलने का मौका दिया है, साथ ही बद्रीनाथ को भी टीम में शामिल किया गया है। वहीं दूसरी तरफ गागुंली ने वीआरएस भी स्वीकार कर लिया है।
श्रीलंका में फ्लॉप रहे गांगुली ने पिछले वर्ष शानदार प्रदर्शन करते हुए नौ टेस्ट मैचों में ६१.४४ के औसत से ११०० से अधिक रन बनाए थे।
टीम इस प्रकार है : अनिल कुबंले (कप्तान) सचिन, राहुल द्रविड़, सौरव गांगुली, वी.वी.एस. लक्ष्मण, महेन्द्र सिंह धोनी, गौतम गंभीर, वीरेन्द्र सहवाग, हरभजन सिंह, जहीर खान, आर.पी. सिंह, मुनाफ पटेल, इशांत शर्मा, बद्रीनाथ, अमित मिश्रा।

विधायक की गाड़ी ने बच्चे को रौंदा

भोपाल। मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले में विधायक वीरेंद्र रघुवंशी की कार ने एक बच्चे को रौद दिया। इस घटना में दो बच्चें घायल हो गए, जिनमें अस्पताल ले जाते समय रास्ते में एक बच्चे की मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर चालक को गिरफ्तार कर कार को जब्त कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार विधायक वीरेंद्र रघुवंशी अपने परिवार के साथ सफारी कार से झांसी से शिवपुरी लौट रहे थे तभी दिनारा के पास उनके वाहन ने रवि कुमार यादव (12 वर्ष) को टक्कर मार दी।
इस हादसे के बाद भी विधायक के चालक पदम जाटव ने वाहन नहीं रोका। वह सीधे करैरा थाने पहुंचा जहां विधायक ने चालक को पुलिस को सौंप दिया और वाहन वहीं छोड़ दिया।
दूसरी ओर गंभीर रूप से घायल रवि कुमार को उपचार के लिए झांसी ले जाया जा रहा था तभी उसने रास्ते में दम तोड़ दिया। रवि के पिता लाखन सिंह यादव का आरोप है कि अगर विधायक का वाहन मौके पर रुक जाता और घायल को वक्त पर उपचार मिल जाता तो उनके बेटे की जान बच सकती थी।
शिवपुरी के पुलिस अधीक्षक दिनेश चंद शर्मा ने बताया कि पुलिस ने चालक को गिरफ्तार करने के बाद वाहन जब्त कर लिया है।


Blogspot Templates by Isnaini Dot Com and Wedding Bands. Powered by Blogger